[ad_1]

डॉ. सचिन शर्मा, डॉ. अंकुर शर्मा।
– फोटो : संवाद
विस्तार
नादौन उपमंडल के पनसाई निवासी डॉक्टर दंपती ने एक साथ एमडी करके उपलब्धि हासिल की है। चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में दोनों ने डिग्री हासिल की। उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने सम्मानित किया। डॉ. सचिन शर्मा व डॉ. अंकुर शर्मा की उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है। वर्तमान में दोनों नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज में सेवाएं दे रहे हैं। डॉ. सचिन ने वर्ष 2008 में टांडा मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी।
इसके बाद प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में सेवाएं देने के साथ-साथ एमडी की परीक्षा के लिए तैयारी की। 2017 में डॉ. सचिन का पीजीआई चंडीगढ़ में पैथोलॉजी में एमडी के लिए चयन हो गया। बिलासपुर जिला अस्पताल में सेवाएं देने के बाद उनका तबादला मंडी जिले के नेरचौक मेडिकल कॉलेज के लिए हो गया। इसी बीच डॉ. सचिन की पत्नी डॉ. अंकुर शर्मा ने त्वचाविज्ञान (डर्मेटोलाजी) में एमडी के लिए आवेदन किया और 2020 में यह डिग्री भी हासिल कर ली।
डॉक्टर दंपती ने चंडीगढ़ से एक साथ एमडी की पढ़ाई पूरी की। नादौन उपमंडल के सुकराला निवासी डॉ. अंकुर शर्मा ने शिमला स्थित आईजीएमसी से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। वह 2014 से विभिन्न अस्पतालों में सेवाएं दे रही हैं। डॉ. सचिन के पिता मास्टर अनंत राम शर्मा बेटे व बहू की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहते हैं कि छोटी बच्ची के साथ दोनों ने पढ़ाई जारी रखी। यह दोनों की लगन और मेहनत का परिणाम है। सचिन के बड़े भाई संदीप शर्मा परिवार समेत अमेरिका में रहते हैं।
करीब दो साल पहले डॉक्टर सचिन की माता विद्या शर्मा का लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था। मरीजों की सेवा के लिए दिन रात जुटे रहने वाले डॉ. सचिन कहते हैं कि जब भी किसी मरीज को देखता हूं तो मां की सीख जेहन में आ जाती है। मां ने कहा था कि इस पेशे में जाने से पहले एक बात ध्यान रखना कि यह पीड़ितों की सेवा का जरिया है। इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतना। इसी बात को सामने रखकर डॉ. सचिन व डॉ. अंकुर दो साल की बेटी के साथ लोगों की सेवा में जुटे रहते हैं।
[ad_2]
Source link