[ad_1]

जम्मू शहर में छाया कोहरा file pic
– फोटो : संजय कुमार
विस्तार
एमए स्टेडियम जम्मू में 20 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली पर खराब मौसम का साया मंडरा रहा है। जम्मू-कश्मीर में 17 से 21 फरवरी तक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। खासतौर पर 19 और 20 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, कश्मीर संभाग में 17 फरवरी की दोपहर से कुछ मध्यम से तीव्र पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। 17 फरवरी की रात से 21 फरवरी की दोपहर तक जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। कश्मीर के कई हिस्सों में आंशिक रूप से आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और देर रात तक ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है।
18 फरवरी को भी बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी की संभावना है। 19 से 20 फरवरी को कुपवाड़ा, बारामुला, बांदीपोरा, गांदरबल, बडगाम, शोपियां और कुलगाम जिले के मध्य व ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी है। जबकि मैदानी व निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होगी। इसका प्रभाव 20 फरवरी की रात तक रहेगा।
21 फरवरी को भी दोपहर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है, जिसके बाद मौसम में सुधार होगा। जम्मू संभाग में 18 फरवरी को कई स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 19 से 20 फरवरी को जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में गरज/बिजली चमकने के साथ रुक-रुककर बारिश हो सकती है। रामबन, पुंछ, डोडा और किश्तवाड़ के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है। 21 फरवरी की दोपहर तक भी कुछ स्थानों पर बारिश, बर्फबारी और तूफान की संभावना है। जिसके बाद मौसम में सुधार आएगा।
[ad_2]
Source link