J&K Weather Update: प्रदेश में बारिश और बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद, 20 तक ऑरेंज अलर्ट

[ad_1]

jammu city: Rain and snowfall in the state, Jammu-Srinagar highway closed, orange alert till 20

डल झील किनारे बर्फ से ढके शिकारे (फाइल)
– फोटो : बासित जरगर

विस्तार


जम्मू कश्मीर में सोमवार को भी मौसम बिगड़ा हुआ है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। इससे तापमान में गिरावट आई है। जम्मू शहर में भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी का क्रम जारी है। रामबन के मेहाड़ में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर मलबा गिरने से मार्ग को बंद कर दिया गया है।

एक हफ्ता कड़ाके की धूप के बाद रविवार सुबह से एक बार फिर प्रदेश में मौसम खराब होने से तापमान गिर गया है। जम्मू संभाग के सभी मैदानी भागों में दिनभर रुक-रुककर बारिश के साथ तेज हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। श्रीनगर सहित ऊंचे पहड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई। इससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही यातायात पर भी प्रभाव दिखने को मिला। बर्फबारी के चलते श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। बीआरओ की तरफ से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 20 फरवरी तक यलो अलर्ट जारी कर सामान्य से ज्यादा बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों को मौसम एडवाइजरी के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

जानकारी के अनुसार सुबह कश्मीर के गुलमर्ग, गुरेज, जोजिला, बालटाल, सोनमर्ग, उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा, पुंछ जिले में पीर पंजाल रेंज और राजोरी के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। इसकी के साथ जम्मू, कठुआ, सांबा, उधमपुर जैसे मैदानी इलाकों में हलकी बारिश हुई। बर्फबारी के कारण मुख्य घाटी को कुपवाड़ा जिले के माछिल, बांदीपोरा जिले के गुरेज और गांदरबल जिले के सोनमर्ग जैसे दूरदराज के इलाकों से जोड़ने वाली कई सड़कें बंद हो गई हैं।

कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू संभाग के राजोरी-पुंछ इलाके से जोड़ने वाली मुगल रोड भी बर्फबारी के कारण बंद हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जबकि अधिकतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। 19 फरवरी से अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि इसी अवधि में अधिकतम तापमान 5-8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

पर्यटकों का रुख घाटी की ओर, खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों की तैयारी पूरी

घाटी में बर्फबारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार बिधूड़ी ने कहा कि हम बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। जब से लोक निर्माण विभाग का पुनर्गठन हुआ है, अब सब कुछ विकेंद्रीकृत है इसलिए हमारी ताकत भी बढ़ गई है। अब बर्फबारी रुकते ही हम सड़कें साफ करते हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में पर्यटक इन दिनों घाटी की तरफ रुख कर रहे हैं। गुलमर्ग में होने वाले खेलो इंडिया खेलों के लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

अनंतनाग, कुलगाम में 24 घंटे में हिमस्खलन की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेके डीएमए) ने अनंतनाग और कुलगाम जिलों में अगले 24 घंटे के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। कहा गया है कि अनंतनाग और कुलगाम जिलों में 2500 मीटर से ऊपरी क्षेत्रों में हिमस्खलन की संभावना है। आने वाले 24 घंटे में डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन, बांदीपोर, बारामूला, कुपवाड़ा और गांदरबल जिलों में मध्यम हिमस्खलन हो सकता है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और हिमस्खलन-संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। जानकारी के अनुसार इस महीने की शुरुआत में गांदरबल जिले के सोनमर्ग के सरबल इलाके में हिमस्खलन हो चुका है।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *