[ad_1]
भू-धंसाव से प्रभावित गांधी नगर वार्ड के नौ परिवारों के 29 लोगों को नगर पालिका के एक हॉल में शिफ्ट किया गया है। शुक्रवार को हुई बारिश और बर्फबारी से पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है जिससे यहां रहने वाले परिवारों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है।
इस हॉल में कई बच्चे भी हैं लेकिन इतने बड़े हॉल में सिर्फ एक ही हीटर दिया गया है। एक हीटर से 29 लोगों को कैसे राहत मिल सकती है। हालांकि हॉल के बाहर अलाव जलाई हुई है। ऐसे में यहां रहने वाले प्रभावित पूरे दिन बच्चों के साथ अलाव के आसपास बैठकर ठंड से बचने का प्रयास करते रहे लेकिन इससे राहत नहीं मिल पा रही।
यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि वे कब तक राहत शिविरों में रहेंगे। सरकार को जल्द से जल्द स्थायी समाधान करना चाहिए। प्रभावित सतेश्वरी देवी का कहना है कि जब तक स्थायी समाधान होता है तब तक उन्हें प्रशासन कमरे तो दिला दे जिससे इस ठंड में कुछ राहत तो मिले।
यहां रह रही राजेश्वरी देवी अपनी तीन साल की बेटी के साथ हॉल के बाहर अलाव का सहारा लेते हुए ठंड से बचने का प्रयास करती रही। उनका कहना है कि बाहर आग तो जला रखी है लेकिन ठंडी हवा चलने से आग से भी ज्यादा राहत नहीं मिल पा रही है। प्रशासन को उन्हें कम से कम एक-एक कमरे तो दिलाने चाहिए।
बता दें कि शुक्रवार तड़के से नगर क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई थी। इसके बाद सुबह 6 से 10 बजे तक पूरे क्षेत्र में बर्फबारी होती रही। इस दौरान 3 से 5 इंच तक बर्फ जम गई थी। मौसम में कुछ सुधार हुआ, लेकिन घने बादल छाए रहे।
वहीं, अपराह्न बाद नगर क्षेत्र में हल्की बारिश शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक जारी रही। साथ ही चारों तरफ की पहाड़ियों पर बर्फबारी हो रही है। मौसम के बिगड़े मिजाज के कारण अधिकतम तापमान 8 व न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
[ad_2]
Source link