Karachi Terrorist Attack: आतंकवादी हमले से कराची पुलिस हेडक्वार्टर में कोहराम, 4 की मौत, 3 आतंकी भी ढेर

[ad_1]

पाकिस्तान के सबसे घनी आबादी वाले शहर कराची में हथियारबंद आतंकवादियों ने पुलिस प्रमुख कार्यालय पर हमला कर दिया. जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों और हमलावरों के बीच शुरू हुई भीषण गोलीबारी में तीन आतंकवादी और चार अन्य लोग मारे गए. देशभर में आतंकवादी हमलों में वृद्धि के बीच सुरक्षा बलों पर हुआ यह ताजा हमला है. हमला शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 7 बजकर 10 मिनट पर हुआ.

आतंकी हमले में 14 लोग हुए घायल

कराची के पुलिस प्रमुख जावेद ओदहो ने भी एक ट्वीट कर पुष्टि की कि उनके कार्यालय पर हमला हुआ है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने करीब चार घंटे के अभियान के बाद शहर के पुलिस प्रमुख के पांच मंजिला कार्यालय को खाली करा लिया. सिंध सरकार के प्रवक्ता मुर्तजा वहाब ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि इमारत को खाली करा लिया गया है. उन्होंने कहा, तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है. आतंकी हमले में दो पुलिस अधिकारियों समेत चार लोगों की भी मौत हो गई. हमले में सुरक्षाकर्मियों समेत 14 लोग घायल हो गए.

इमारत में थे आठ आतंकी

पुलिस सूत्रों ने पहले कहा था कि इमारत में आठ आतंकवादी थे. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डीआईजी (दक्षिण) इरफान बलूच ने कहा. कुछ आतंकवादी इमारत के पिछले हिस्से से दाखिल हुए, जबकि दो पुलिस की वर्दी पहनकर मुख्य द्वार से घुसे. उन्होंने कहा, हमें दो कार भी मिलीं जिनके दरवाजे खुले हुए थे, एक इमारत के पिछले प्रवेश द्वार पर और दूसरी सामने खड़ी थी.

तालिबान ने हमले की जिम्मेदारी ली

खूंखार आतंकी समूह पाकिस्तान तालिबान ने हमले की जिम्मेदारी ली है. आतंकवादियों ने पहले कराची पुलिस प्रमुख कार्यालय की इमारत के मुख्य परिसर में छह हथगोले फेंके और फिर परिसर में घुस गए. कराची पुलिस प्रमुख का कार्यालय शहर की मुख्य सड़क के पास स्थित है जो हवाई अड्डे तक जाती है.

पाकिस्तान में नवंबर के बाद से आतंकवादी हमलों में वृद्धि

पाकिस्तान में नवंबर के बाद से आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है, जब पाकिस्तान तालिबान ने सरकार के साथ एक महीने का संघर्ष विराम समाप्त कर दिया था. गौरतलब है कि पिछले महीने, तालिबान के एक आत्मघाती हमलावर ने उत्तर-पश्चिमी पेशावर शहर में उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में एक मस्जिद में खुद को बम से उड़ा लिया था, जिसमें 100 से अधिक लोग मारे गए थे. मरने वालों में ज्यादातर पुलिसकर्मी थे.

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *