Meerut News Live: CCSU में इन्वेस्टर्स समिट का आज अंतिम दिन, UP बोर्ड परीक्षा की तैयारी जारी, पढ़ें-ताजा खबरें

[ad_1]

12:44 PM, 12-Feb-2023

चौधरी चरण सिंह पार्क में रालोद का धरना 29 को

राष्ट्रीय लोकदल की ओर से चौधरी अजीत सिंह की जयंती के मौके पर गांव-गांव अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। ग्रामीणों को भाजपा की विफलताएं गिनाईं जाएंगी। यह कार्यक्रम 12 से 19 फरवरी तक आयोजित होंगे। इसके बाद 29 फरवरी को चौधरी चरण सिंह पार्क में धरना दिया जाएगा। महानगर अध्यक्ष उज्ज्वल अरोड़ा ने बताया कि आज रविवार को चौधरी अजीत सिंह की जयंती के मौके पर कैंट स्थित पार्टी कार्यालय पर हवन किया जाएगा। इसके बाद 13 फरवरी से गांव-0 गांव में अभियान शुरू होगा। 

12:44 PM, 12-Feb-2023

दरोगा द्वारा गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला हथियार की जानकारी जुटा रही पुलिस

मेरठ पुलिस लाइन में बुधवार को सहारनपुर के नगर कोतवाली थाने की सराय गंज पुलिस चौकी प्रभारी इंद्रजीत सिंह द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। अभी इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पिस्टल कहां से आई, पुलिस इसकी जांच पड़ताल कर रही है। रविवार को मेरठ पुलिस की एक टीम जांच के लिए सहारनपुर जाएगी। 

 मूल रूप से उधम सिंह नगर जिले के थाना बाजपुर क्षेत्र के गांव महेशपुर निवासी इंद्रजीत सिंह का परिवार पुलिस लाइन में रह रहा था। दरोगा की तैनाती सहारनपुर में चल रही थी। बुधवार को तीन दिन की छुट्टी लेकर वह पुलिस लाइन मेरठ में अपने सरकारी क्वार्टर में परिवार के पास आए थे। यहां उन्होंने कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया था। 

एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल चल रही है। पिस्टल कहां से आई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद

12:43 PM, 12-Feb-2023

दो सराफ से 56 लाख कीमत का सोना लेकर कारीगर फरार

मेरठ के देहलीगेट थाना क्षेत्र में सराफा बाजार के दो सराफा व्यापारियों का 967 ग्राम सोना लेकर दो बंगाली कारीगर फरार हो गए। दोनों सराफ ने इन दोनों कारीगरों को सोना गलाने के लिए दिया था। सोने की कीमत करीब 56 लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़ित सराफा व्यापारियों ने थाने में शिकायत दी है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। 

देहलीगेट थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह ने बताया कि शहर के सराफा बाजार के कागजी बाजार में सराफ मनोज की मंडल ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। यहां पर उनका काफी बड़ा कारोबार है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह सराफा बाजार की गिरधारी मार्केट में बंगाली कारीगर सुनील मराठा को 847 ग्राम सोना और 2 ग्राम चांदी गलाने के लिए दी थी। थोड़ी देर बाद दुकान पर काम करने वाले लड़के को सोना लेने भेजा। सुनील ने थोड़ी देर बाद सोना देने की बात कही। परंतु शाम तक सोना नहीं लौटाया। इसके बाद मनोज मंडल खुद सुनील मराठा की दुकान पर पहुंचे। उसने सोना लूट लिए जाने की बात कही। 

पीड़ित व्यापारी ने अन्य व्यापारियों को मौके पर बुलाकर मामले से अवगत कराया। वहीं, नील गली में राजेश कुमार की राज ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बताया कि बंगाली कारीगर मुर्शीद आलम को 120 ग्राम सोना गलाने के लिए दिया था। उसने देने से इन्कार कर दिया। वहीं, मौके पर पहुंचे कागजी बाजार सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील पाहवा और मेरठ बुलियन ट्रेडर्स के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि सुनील मराठा ने लूट की बात कही है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखवाई जा रही है। 

सीओ कोतवाली अमित कुमार राय ने बताया कि दोनों सराफा व्यापारियों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने उनके पताें पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले। थाना प्रभारी को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। जल्द ही सोने की बरामदगी की जाएगी। 

पहले भी हो चुकी ठगी

पिछले वर्ष सदर बाजार के सराफ अनुज जैन समेत आठ सराफ का बंगाली कारीगर करीब एक करोड़ कीमत का सोना लेकर फरार हो गए थे। शहर सराफा बाजार में कई सुनारों का बंगाली कारीगर सोना लेकर फरार हो चुके हैं।

12:42 PM, 12-Feb-2023

बागपत बाईपास के पास बस से गिरकर परिचालक की मौत

बागपत बाईपास फ्लाईओवर के पास रोडवेज से अनुबंधित बस के परिचालक की बस से नीचे गिरकर मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर टीपीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। 

टीपीनगर थाना प्रभारी संत शरण सिंह का कहना है कि जिला बागपत स्थित थाना बिनौली क्षेत्र के गांव बाण गंगा निवासी विनीत (34) पुत्र स्व. प्रेमसिंह रोडवेज से अनुबंधित बस पर परिचालक थे। शनिवार को बागपत की ओर से बस मेरठ की ओर आ रही थी। वह बस के दरवाजे पर खड़े थे। बस ने जब बागपत बाईपास फ्लाईओवर पार किया तो अचानक पैर फिसलने से विनीत नीचे गिर गए और बस की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। बस चालक आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

बागपत रोड पर लगा जाम

बागपत फ्लाईओवर के पास अनुबंधित बस से गिरकर परिचालक के घायल होने के बाद चालक ने बस को सड़क पर ही छोड़ दिया। इसके बाद वह आनन-फानन में परिचालक को ऑटो से लेकर निजी अस्पताल पहुंचे गए थे। इस दौरान बस के सड़क बीच में खड़ी रहने के कारण वहां जाम की स्थिति बन गई। जाम को बढ़ते देख पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बस को धकेलकर सड़क किनारे खड़ा कराया। जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

09:15 AM, 12-Feb-2023

चिकित्सक से 34 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी

शामली निवासी निजी चिकित्सक से महिला ने भारत में व्यापार करने का झांसा देकर ऑनलाइन 34 लाख रुपये ठग लिए। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में निजी चिकित्सक की तरफ से चार नामजद व एक अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। महिला ने अपने को अमेरिका की निवासी बताया है।

शामली के करनाल रोड विकास नगर निवासी निजी चिकित्सक बासिल ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पिछले महीने 19 जनवरी को उसके पास एक महिला का मैसेज आया। उस महिला ने अपने को उनका पुराना मित्र बताया। महिला ने बताया कि वह भारत में व्यापार करने के सिलसिले में आई है। वह छह करोड़ 89 लाख 93 हजार 310 रुपये का ड्राफ्ट लिए हुए है। मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने उन्हें रोक रखा है। चिकित्सक से महिला ने मदद मांगी।

चिकित्सक महिला के झांसे में आ गए और उन्होंने महिला के बताए अनुसार मनीष पेंथर, सतीश बाथम, युवराज सिंह, आकाश झा के नाम से अलग-अलग बैंक खातों में करीब 34 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जब उससे और रकम जमा कराने को कहा गया तो उसे ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद चिकित्सक ने एसपी अभिषेक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में मनीष परिहार, सतीश बाथम, युवराज सिंह, आकाश झा व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चिकित्सक की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी है। चिकित्सक को महिला ने खुद को अमेरिका के टैक्सास की निवासी बताया है।

08:55 AM, 12-Feb-2023

16 फरवरी से शुरू होने जा रही यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी अंतिम दौर में है। जिले में बनाए गए 105 केंद्रों पर तीसरी आंख का पहरा होगा। सभी केंद्रों पर 3662 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कंट्रोल रूम सहित सभी कैमरों की निगरानी लखनऊ से होगी।

जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के कुल 85,765 हजार छात्र परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 43,401 व इंटरमीडिएट में 42,364 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय सचिव कमलेश कुमार ने बताया कि उनके दायरे में आने वाले 17 जिलों में कुल 11,29,838 लाख छात्र परीक्षा में बैठेंगे। स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरण आनंद ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से समीक्षा की। मेरठ से एक कंप्यूटर सिस्टम लखनऊ भेजा गया है, जिसमें में मेरठ के कंट्रोल रूम सहित 105 केंद्रों का सीसीटीवी का डाटा भेजा गया।

कंट्रोल रूम पर लगाई गई पांच एलईडी व 11 कंप्यूटर

जिले के परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। 65 इंच की एलईडी लगाई गई है, जबकि 32 इंच की 4 छोटी एलईडी लगाई गई हैं। कंट्रोल रूम में 11 कंप्यूटर लगाए गए हैं, जिनमें लैपटॉप भी रखे गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों का डाटा अपलोड कर कंप्यूटर लखनऊ भेज दिया है।

08:47 AM, 12-Feb-2023

Meerut News Live: CCSU में इन्वेस्टर्स समिट का आज अंतिम दिन, UP बोर्ड परीक्षा की तैयारी जारी, पढ़ें-ताजा खबरें

मेरठ में सीसीएस यूनिवर्सिटी के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में निवेश कुंभ के आयोजन का आज अंतिम दिन है, जिसमें लखनऊ में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का भी लाइव प्रसारण किया जा रहा है। मेरठ की ओर से पर्यटन और उद्योग से जुड़े 26 हजार करोड़ के प्रस्ताव दोनों ही आयोजनों में प्रस्तुत किए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि 10 फरवरी से 12 फरवरी तक लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (यूपीजीआईएस) 2023 का आयोजन किया जा रहा है, जिसका लाइव प्रसारण मेरठ के कार्यक्रम में भी किया जा रहा है। उधर, उद्योग विभाग के उपायुक्त दिपेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद के कार्यक्रम में कैंची, स्पोर्ट्स कपड़ा, वाद्य यंत्र के 20 स्टॉल लगाए गए हैं।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *