[ad_1]

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की बैठक में मौजूद अधिकारी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुरादाबाद शहर को तीन नई टाउनशिप की सौगात मिलेगी। एमडीए बोर्ड की बैठक में इसे सर्वसम्मत से पास कर दिया गया। इसके अलावा करीब 150 करोड़ के निवेश से दिल्ली रोड पर करीब 53 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड टाउनशिप के प्रस्ताव को भी बोर्ड से मंजूरी मिल गई।एमडीए कार्यालय सभागार में मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई प्राधिकरण की 136वीं बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर बोर्ड ने सहमति की मोहर लगाई।
दिल्ली रोड स्थित मंगूपुरा-मनोहरपुर में करीब 50 हेक्टेयर की प्रस्तावित आवासीय टाउनशिप तथा लाकड़ी फाजलपुर-चक फ़ैज़ुल्लापुर-मैनाठेर में करीब 130 हेक्टेयर की आवासीय व औद्योगिक टाउनशिप को बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। वीसी ने दोनों टाउनशिप के डीपीआर का प्रस्तुतीकरण भी बोर्ड के समक्ष किया।
उन्होंने बताया कि दोनों परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत सीड कैपिटल की डिमांड के लिए करीब 400 करोड़ की मांग शासन से की गई है। बैठक में डीएम मुरादाबाद, अमरोहा के प्रतिनिधि के अलावा, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, सहयुक्त नियोजक विवेक भास्कर, बोर्ड के नामित सदस्य राजू कालरा व विकास जैन समेत वित्त विभाग, जल निगम के अधिकारी मौजूद रहे। संचालन सचिव अंजू लता ने किया।
पांच सितारा होटल के सामने प्राइवेट आवासीय कॉलोनी को मंजूरी
एमडीए बोर्ड बैठक में दिल्ली रोड स्थित निश्चय हाउसिंग की करीब 53 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित प्राइवेट टाउनशिप की डीपीआर भी प्रस्तुत की गई। जिसके प्रस्तावित विभिन्न प्रस्तावों पर गहन चर्चा के बाद उसे मंजूरी प्रदान कर दी गई। वीसी ने बताया कि यह नई टाउनशिप शहर के दिल्ली रोड स्थित पांच सितारा होटल हॉलिडे रिजेंसी के सामने प्रस्तावित है। करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश से इसे विकसित किया जाएगा। इस नई टाउनशिप में 1560 लोग अपने घर का सपना पूरा कर सकेंगे।
एक साल तक नहीं बढ़ेंगे अनबिके फ्लैट्स के रेट
एमडीए वीसी शैलेष कुमार ने बताया कि एमडीए की विभिन्न कॉलोनियों में करीब 574 फ्लैट्स ऐसे हैं जो बिक्री से शेष रह गए हैं। करीब 90 करोड़ रुपये की यह संपत्तियां पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बिक्री के लिए बोर्ड ने सहमति दी है। साथ ही इन संपत्तियों का एक साल तक विक्रय मूल्य भी नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
वीसी ने बताया कि प्राधिकरण यह संपत्तियां मझोला स्थित अरावली एनक्लेव, ढक्का की अलकनंदा एनक्लेव, देहरी मुस्तहक़म की विंध्यांचल एनक्लेव के अलावा रामगंगा विहार द्वितीय, कबीर नगर फ़्रेंड्स अपार्टमेंट, नया मुरादाबाद योजना सेक्टर 15-ए व 16-ए तथा कांशीराम नगर योजनाओं में स्थित हैं।
शहर के सुनियोजित विकास में एमडीए वीसी व उनकी टीम तेजी के साथ काम कर रही है। तीन नई टाउनशिप को विकसित करने के लिए बोर्ड की बृहस्पतिवार को सहमति मिल गई। गजरौला का बहुप्रतीक्षित मास्टर प्लान भी शासन से पास होकर प्राप्त हो गया है। मुरादाबाद से लेकर गजरौला तक अब तेजी के साथ विकास होगा। इसका लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। – आंजनेय कुमार सिंह, मंडलायुक्त मुरादाबाद
[ad_2]
Source link