New Year 2023: जश्न के लिए उत्तराखंड तैयार, मसूरी-नैनीताल और औली के होटल फुल, बड़ी संख्या में पहुंचे सैलानी

[ad_1]

नए साल के जश्न के लिए उत्तराखंड तैयार है। शुक्रवार से ही प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। वहीं, मसूरी-नैनीताल और औली के होटल भी 80 फीसदी तक फुल हो गए हैं। 

मसूरी में उमड़ने लगे पर्यटक, बदले कई रूट

नए साल का जश्न मनाने के लिए मसूरी में पर्यटक उमड़ने लगे हैं। पर्यटक की उमड़ती भीड़ को देखते हुए मसूरी के साथ ही देहरादून में कई रूट डायवर्ट किए गए हैं। दून पुलिस ने शुक्रवार को सुबह से शाम तक करीब 5000 वाहनों को अस्थायी बाईपास से मसूरी भेजा। रातभर पुलिस इस बाईपास पर मौजूद रही। 

Uttarakhand: बदलेगा मौसम का मिजाज, बर्फबारी के साथ हो सकता है नए साल का आगाज

एसपी ट्रैफिक अक्षय कोंडे ने बताया कि नए साल पर मसूरी और देहरादून की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए आशारोड़ी से मसूरी तक यातायात का डायवर्जन प्लान बनाया गया है। प्लान के अनुसार आशारोड़ी पर मसूरी जाने वाले वाहनों को रूट प्लान के पंफलेट वितरित किए गए। वाहनों को निर्धारित स्थान शिमला बाईपास से डायवर्ट किया गया। इसके लिए आईएसबीटी फ्लाईओवार के नीचे दिशा सूचक चिन्ह लगाए गए हैं। दूसरा चिन्ह वीर सावारकर चौक पर लगाया गया है। ऐसा ही एक फ्लैक्स सेंट ज्यूट्स चौक और कमला पैलेस सिग्नल पर लगाया गया है। साथ ही हर चौक चौराहे पर पुलिसकर्मी भी तैनात हैं।

पर्यटकों के लिए जारी किया क्यूआर कोड 

पर्यटकों को रास्ता दिखाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक क्यूआर कोड भी जारी किया है। इस क्यूआर कोड को स्कैन करने पर पुलिस के इन सभी रास्तों की जानकारी मिल जाएगी। मसलन कहां से रूट डायवर्ट है और बाहर के लोगों को कहां से जाना है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि इस क्यूआर कोड के माध्यम से लाइव ट्रैफिक की जानकारी मिल सकेगी। 

मसूरी के 80 फीसदी होटल बुक

पहाड़ों की रानी मसूरी नए साल के जश्न के लिए तैयार है। मसूरी सहित आसपास के 80 फीसदी होटल एडवांस बुक हो गए हैं। शहर को नए साल के लिए विभिन्न प्रकार की लाइटों से सजाया गया है। मसूरी सहित कैंपटी, धनोल्टी, बुरांसखंडा में नए साल के जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं। अधिकांश होटल बुक होने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि नए साल के लिए शहर के करीब 80 फीसदी होटल एडवांस बुक हो गए हैं। इस साल अच्छी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है।  आज लाइव बैंड, डीजे, डांस आदि कार्यक्रमों की तैयारी है। 

नैनीताल में लगने लगा सैलानियों का जमावड़ा

31 दिसंबर से एक दिन पहले ही नैनीताल में सैलानियों की भीड़ उमड़ने लगी है। शहर के अधिकतर होटल और पार्किंग स्थल अभी से पैक होने लगे हैं। शनिवार को जगह-जगह पर्यटक नजर आए। लगातार बढ़ती सैलानियों की संख्या को देख कारोबारी भी खासे उत्साहित हैं। देश भर के सैलानी नए साल के स्वागत के लिए नैनीताल में पहुंच रहे हैं।

सुबह से ही सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दूसरी ओर शुक्रवार को पिछले कई दिनों से नैनीताल में मौज मस्ती कर रहे कई सैलानियों ने शहर से वापसी भी की जिसके चलते सड़कों में वाहनों की कतारें नजर आईं। होटल कारोबारियों की मानें तो शहर के 80 फीसदी से अधिक होटल पैक हो चुके हैं। बड़ी संख्या में सैलानियों ने नैनीझील में नौकाविहार किया जबकि घुड़सवारी के शौकीन बारापत्थर क्षेत्र में पहुंचे। इनके अलावा रोपवे, हनुमानगढ़ी, चिड़ियाघर, हिमालय दर्शन, खुर्पाताल और सरिताताल में भी दिन भर सैलानियों की भीड़ रही।

औली से लेकर गौरसों तक खूब चहल-पहल 

नव वर्ष के स्वागत के लिए औली पर्यटकों से गुलजार है। औली से लेकर गौरसों तक पर्यटकों की खूब चहल-पहल है। बृहस्पतिवार रात को औली में हल्की बर्फबारी हुई लेकिन बर्फ अधिक समय तक टिक नहीं पाई हालांकि गौरसों में करीब दो इंच बर्फ जमी है। पर्यटक औली की ढलानों पर प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठा रहे हैं।

औली रोपवे प्रबंधक दिनेश भट्ट ने बताया कि औली तक रोपवे से जाने के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है। कई पर्यटकों की ओर से रोपवे की ऑनलाइन बुकिंग मिल रही है। रोपवे के लिए 60 प्रतिशत पर्यटकों की ही ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है जबकि 40 प्रतिशत पर्यटक ऑफलाइन बुकिंग कर औली पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब 400 पर्यटक औली पहुंच रहे हैं जबकि 400 से 700 पर्यटक चेयर लिफ्ट का लुत्फ उठा रहे हैं। औली के होटल व्यवसायी अजय भट्ट का कहना है कि बीते 20 दिसंबर से होटल फुल हैं। पर्यटक सैर-सपाटे पर गौरसों तक पहुंच रहे हैं। गौरसों में करीब दो इंच तक बर्फ जमी है। मौसम के खराब होने से औली में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 



[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *