[ad_1]
नए साल का जश्न मनाने के लिए शनिवार को शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के होटलों में सभी कमरे बुक रहे। आसपास के क्षेत्रों में भी कमरों के लिए खूब मारामारी मची थी। नए साल का जश्न मनाने के लिए शनिवार को करीब 60 हजार सैलानी शिमला पहुंचे। शहर के होटलों में न्यू ईयर पार्टियों का आयोजन भी किया गया। सैलानियों ने डीजे की धुनों पर थिरक कर नए साल का स्वागत किया। होटलों में सैलानियों के लिए फूड फेस्टिवल का आयोजन हुआ। डांस कंपीटीशन हुए और विजेताओं को पुरस्कार बांटे गए। रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 8 से रात 8 बजे के बीच शनिवार को शोघी बैरियर से करीब 11 हजार वाहन शहर में दाखिल हुए। शाम 5 बजे तक शहर की छोटी बड़ी 9 पार्किंग पैक हो गई। शहर के भीतर सबसे बड़ी लिफ्ट पार्किंग, नगर निगम की मैट्रोपोल पार्किंग की तीसरी, चौथी और पांचवीं मंजिल, होटल हालीडे होम पार्किंग, स्नो व्यू पार्किंग, रेलवे पार्किंग विंटर फील्ड और गुरुद्वारा पार्किंग पैक हो गई। इसके बाद सैलानियों ने कार्ट रोड पर ही गाड़ियां पार्क करनी शुरू कर दी जिस कारण जाम की समस्या पेश आई।
शहर में वाहनों का दबाव कम करने के लिए ढली, मशोबरा, कुफरी, नारकंडा जाने वाले वाहन शोघी से शोघी-मैहली बाईपास पर डायवर्ट कर दिए। पार्किंग पैक होने के बाद शिमला शहर की ओर आने वाले वाहन भी टूटीकंडी बाईपास पर डायवर्ट कर दिए गए। कुछ सैलानी टूटीकंडी बाईपास पर गाड़ियां पार्क कर रिज मैदान पहुंचे। पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं, कुछ सैलानी पैदल ही मालरोड पहुंचे।
कालका से शनिवार को सभी टॉय ट्रेनें पैक होकर शिमला पहुंचीं। रेलवे की ओर से चलाई गईं दो अनारक्षित गाड़ी भी पैक रहीं। दिल्ली से शिमला आने वाली एचआरटीसी और पर्यटन विकास निगम की वोल्वो भी पैक थी।
कुफरी में शुक्रवार को हुई बर्फबारी के बाद शनिवार को एनएच 05 पर फिसलन से गाड़ियां स्किड होने से जाम लग गया। कुफरी और नारकंडा गए सैलानी यहां घंटों जाम में फंसे रहे। हालांकि मौका देखकर सैलानियों ने बर्फ में मस्ती भी की। आवाजाही करने वाले अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग 05 पर वाहन कुफरी से ढली के बीच धीमी रफ्तार में सरकते रहे।
नए साल के जश्न के लिए रिज मैदान और मालरोड पर भारी भीड़ उमड़ी। कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनने और शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं हुआ।
[ad_2]
Source link