[ad_1]

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल सांसद दानिश अली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लोकसभा चुनाव को लेकर इन दिनों अमरोहा जिले की राजनीति गरमाई हुई है। विशेषकर सपा-कांग्रेस के गठबंधन के बाद अलग ही माहौल नजर आ रहा है। अमरोहा सीट कांग्रेस के खाते में जाते ही दावेदारों के बीच घमासान मचना शुरू हो गया है। सांसद दानिश अली का कांग्रेस प्रेम कांग्रेसियों के गले उतरते नजर नहीं आ रहा है।
प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी द्वारा दानिश अली को बाहरी बताते हुए उनका खुलकर विरोध किया जा चुका है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में दोनों नेता राहुल गांधी के साथ उनकी कार में एक साथ नजर आए, बावजूद इनके बीच रार बरकरार है। सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर मुहर लगने से पहले अमरोहा की लोकसभा सीट को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे।
कांग्रेस से जुड़े नेताओं की सक्रियता भी उतनी अधिक नहीं थी। लेकिन, बसपा से निलंबित हुए सांसद दानिश अली को लेकर लगातार चर्चाएं होने लगीं वह कांग्रेस से दावेदारी जता सकते हैं। इस बीच दानिश अली की लगातार राहुल गांधी से हुई मुलाकात ने चर्चाओं को संभावनाओं में बदलना शुरू कर दिया।
कांग्रेस के प्रति लगातार बढ़ रहा दानिश अली का प्रेम कांग्रेसियों को परेशान करने लगा है। हाल ही में कांग्रेस से लोकसभा सीट से टिकट की दावेदारी जताने वाले प्रदेश महासचिव सचिन ने उन्हें बाहरी बताया। कहा कि पार्टी से उन्हें टिकट मिलता है तो उन्हें चुनाव नहीं लड़ाया जाएगा। जबकि, दानिश अली ने इस पर कुछ भी प्रतिक्रिया नहीं दी।
हालांकि, कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के स्वागत करने का एलान किया। इसके बाद दानिश अली और सचिन चौधरी शनिवार को अमरोहा में निकली यात्रा में राहुल गांधी की कार में एक साथ खड़े नजर आए थे। लेकिन, दोनों के चेहरों के भाव अलग-अलग थे।
कहने को अभी दानिश अली ने न तो कांग्रेस की सदस्यता ली है और न ही वह बसपा के विरोध में कुछ बोला है। बावजूद इसके कांग्रेस और राहुल गांधी के प्रति लगाव दावेदारी जताने वाले कांग्रेसियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। अब देखने वाली बात यह है कि दानिश अली कांग्रेस की सदस्यता लेंगे या फिर अन्य कोई घोषणा होगी।
जैसा कि हमारे द्वारा बोला ही जा चुका है कि दानिश अली ने अभी कांग्रेस की सदस्यता नहीं ली है। वह बाहरी हैं। सदस्यता लेने के बाद ही पार्टी हाईकमान कोई फैसला लेगी। हम भी टिकट की दौड़ में हैं। इसलिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा का विपक्ष के सांसदों ने स्वागत किया। इसी तरह दानिश अली ने भी स्वागत किया। सांसद होने के नाते दानिश अली और प्रदेश महासचिव होने के नाते हम राहुल गांधी जी के साथ एक साथ नजर आए। -सचिन चौधरी, प्रदेश महासचिव, कांग्रेस
हमें राहुल गांधी जी द्वारा भारत जोड़ो न्याय यात्रा में साथ रखा गया। हम विरोध और टिकट मिलने को लेकर अभी कुछ नहीं बोलना चाहते हैं। आने वाले समय का इंतजार किया जा रहा है। समय के साथ सब कुछ सही होगा। -दानिश अली, सांसद
[ad_2]
Source link