[ad_1]
07:18 PM, 14-Dec-2022
अधेड़ व्यक्ति की मौत, कस्बे के एक मंदिर में रह रहा था नरेश
बड़गांव कस्बे के एक मंदिर में रह रहे व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि मौत का कारण अधिक शराब पीना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव रानी वादीपुर निवासी नरेश (55) पुत्र मंगतू पिछले पांच माह से कस्बे के एक मंदिर में रहकर वहां देख-रेख कर रहा था। बुधवार की शाम नरेश की अचानक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम पर भेजा है।
बताया जा रहा है कि मृतक पिछले दो दिन से बुखार से पीड़ित चल रहा था। उसके बाद भी वह शराब का सेवन कर रहा था। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार का कहना है कि मृतक की संभवत अधिक शराब पीने से मौत हुई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि मृतक की पत्नी व बेटा लुधियाना में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। उन्हें भी सूचना दे दी गई है।
07:15 PM, 14-Dec-2022
33 केवी की लाइन से 1560 मीटर की विद्युत लाइन चोरी
बुधवार को विधुत विभाग द्वारा आई एक तहरीर में अवर अभियंता उपकेंद्र सरकड़ा चकराजमल सुमित सिंह व अवर अभियंता उमरपुर खादर विनोद कुमार ने बताया कि आज ग्राम रायपुर निवासी किसान ब्रजपाल सिंह ने सूचना दी है कि यहां 33 केवी की विद्युत लाइन से तार चोरी हो गया है।
वहीं विद्युत विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो ग्राम रायपुर निवासी किसान जय सिंह पुत्र नारायण सिंह के खेत से ग्राम मीठेपुर निवासी वीरेंद्र पुत्र भगवाना सिंह के खेत तक छः खंभों की लगभग सभी 1560 मीटर लंबी लाइन अज्ञात चोर चोरी करके ले गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र व विद्युत विभाग में सनसनी मची हुई है। विद्युत अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर घटना के खुलासे की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है।
07:13 PM, 14-Dec-2022
अवैध खनन मामले में जावेद की संपत्ति कुर्क करने के आदेश
जावेद के खिलाफ नजीबाबाद थाना क्षेत्र में अवैध खनन करने की रिपोर्ट दर्ज है। इस मामले में जावेद की फरारी की कार्रवाई जारी हो चुकी है। इसके बावजूद भी कोर्ट में पेश नहीं होने पर कोर्ट ने उसकी संपत्ति की कुर्की के आदेश दिए हैं। कार्रवाई पूरी कर 19 दिसंबर तक कोर्ट को अवगत कराने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही जावेद की गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं।
06:36 PM, 14-Dec-2022
खेतों में घूम रही गाय ने किसान को मार डाला
क्षेत्र के गांव बुढ़पुरनैन सिंह में बुधवार की दोपहर किसान लाखन सिंह (70) पुत्र हरिकेश अपने खेत में गन्ना छोलने गया था। गन्ना छोलते समय खेत में एक गाय और एक बछ़डा आ गए। किसान लाखन सिंह खेत से आवारा पशुओं को भगाने लगा। इसी दौरान एक गाय ने उन्हें आकर मारना शुरू कर दिया। गाय ने किसान लाखन सिंह को खेत में ही पटक-पटककर मार डाला। गाय इतनी हिंसक हो गई कि किसान अपनी जान बचाने के लिए खेत में खड़ी बुग्गी पर चढ़ गया, लेकिन गाय किसान पर हमला करती रही। कुछ देर बाद परिजन खेत पर पहुंचे तो लाखन सिंह खेत में मृत पड़े थे। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
किसान की आवारा पशु द्वारा मौत के घाट उतार देने की सूचना के बाद सैकड़ों किसान मौके पर जमा हो गए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
06:17 PM, 14-Dec-2022
छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

छात्र-छात्राएं।
– फोटो : amar ujala
बुधवार को थाना हल्दौर क्षेत्र में स्थित आवीआईटी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में एसपी दिनेश सिंह ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाकर भय मुक्त समाज की स्थापना करनी है। जिसके तहत तीन महीने से नशे के विरुद्ध एक युद्ध का शंखनाद कर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। यह चिंता का विषय है कि इस जिले में भी अन्य क्षेत्रों की तरह नशे का अवैध व्यापार पैर फैला रहा है। ऐसे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर जिले में कड़ी कार्यवाई करते हुए सप्लाई चेन को तोडा गया है। छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि ऐसे तत्वों की जानकारी पुलिस को दे, ताकि उनके विरुद्ध समय से कार्यवाई की जा सके।
कहा कि अंतिम स्तर तक भटके हुए युवाओं को चिन्हित कर रहे हैं, जो नशे की तरफ बढ़ चले हैं। उन्होने नशे से मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही यातायात के नियमों का पालन करने की अपील भी की। कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के प्रबन्ध निदेशक सन्नी देशवाल ने सभी अतिथियों को बुके भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर सीओ सिटी अनिल कुमार, थाना प्रभारी हल्दौर उदय प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अय्यूब अहमद द्वारा किया गया ।
06:12 PM, 14-Dec-2022
मेरठ के मोदीपुरम में सोफीपुर की सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी में कार्यरत नजीबाबाद निवासी एग्जीक्यूटिव फरीद अहमद की मौत हो गई। वह पल्लवपुरम स्थित आवास में मृत पाए गए।
राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व जिला महामंत्री शरीफ अहमद के पुत्र सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी के एग्जीक्यूटिव फरीद (42) की मोदीपुरम के पल्लवपुरम फेस-2 आवास पर मौत हो गई। फरीद अहमद मोदीपुरम की सोफीपुर स्थित एक सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी में एग्जीक्यूटिव थे। बताया जाता है कि प्रातः पत्नी द्वारा फोन करने पर जब फोन अटेंड नहीं हुआ तो उसके मित्र ने परिजनों की सूचना पर आवास पहुंचकर देखा तो अंदर से कमरा बंद था और फरीद अहमद का शव बैड पर पड़ा हुआ था। पुलिस की मदद से कुंडा तोड़कर शव निकाला गया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हार्ट अटैक होने की पुष्टि की।
फरीद अहमद के भाई वसीम अहमद संबंधित डॉ. सुहेल सहित परिजन मोदीपुरम पहुंचे। पंचनामा के बाद शाम को शव नजीबाबाद लाया गया। रालोद नेता शरीफ अहमद के पुत्र शोक पर विधायक हाजी तसलीम अहमद, पूर्व सांसद मुंशी रामपाल सिंह, सरदार बलवीर सिंह, हरेंद्र तोमर, बृजवीर सिंह एड., आसिफ अली मुत्तकी सहित समाजसेवियों और नागरिकों ने संवेदना व्यक्त की है।
06:04 PM, 14-Dec-2022

कार्रवाई करती पुलिस।
– फोटो : amar ujala
सहारनपुर के ढोलीखाल में पुराने वाहनों के काटे जाने की सूचना पर पुलिस ने बाजार में छापामारी की कार्रवाई की। पुलिस ने वाहनों से संबंधित दुकानदारों से रिकॉर्ड मांगें तो वह नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने ढोलीखाल बाजार बंद करा दिया। इसके साथ ही पांच लावारिस बाइक भी कब्जे में ली है। इसके अलावा देहरादून रोड और जनता रोड पर भी कार्रवाई की गई है, जिससे पुराने वाहन काटने वालों में खलबली मची रही।
दरअसल, थाना कुतुबशेर क्षेत्र के ढोलीखाल में पुराने वाहनों के काटे जाने का सबसे बड़ा बाजार है। पुलिस को यहां पर चोरी के वाहन काटे जाने की जानकारी मिली थी। सूचना पर एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक और सीओ प्रथम अजेंद्र फोर्स के साथ बुधवार की सुबह ढोलीखाल पहुंचे। पुलिस ने एक-एक व्यापारी से वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड मांगें तो वह कोई कागजात नहीं दिखा सके। वहीं, कुछ व्यापारी दुकान बंद करने में जुट गए, जिनको पुलिस ने रोका। यहां पर करीब 50 से अधिक दुकानों की चेकिंग की गई, लेकिन कोई भी व्यापारी काटे जाने वाले वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड नहीं दिखा सका। पुलिस ने मौके से पांच लावारिस बाइक भी कब्जे में ली है।
इसके बाद पुलिस ने ढोलीखाल में बाजार को बंद कर दिया। इसके अलावा पुलिस टीम ने देहरादून रोड पर खालसा पब्लिक स्कूल के पास गोदाम पर छापा मारा, जहां पर वाहन काटे जा रहे थे, लेकिन यहां भी कोई दस्तावेज पुलिस को नहीं मिले। इसी तरह जनता रोड पर कार्रवाई की। एसपी सिटी ने मामले की जांच बैठा दी है।
खपाए जाते हैं दूसरे प्रदेशों के भी वाहन
ढोलीखाल में पुलिस पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुकी है। वाहन काटने वाले दुकानदारों को पहले भी हिदायद दी गई थी कि काटे जाने वाले वाहनों का रिकार्ड रखें, लेकिन इसके बाद भी दुकानदारों ने कोई रिकॉर्ड नहीं रखा। यहां पर उत्तराखंड़, हरियाणा और पंजाब सहित पश्चिमी यूपी के जिलों के वाहन काटे जाते हैं। वहीं, सूत्र बताते हैं कि चोरी के वाहन भी यहां खपाए जाते हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच करा रही है।
05:00 PM, 14-Dec-2022
दहेज हत्या में विवाहिता के पति, सास का चालान
बिजनौर के धामपुर में पुलिस ने दहेज हत्या में नामजद पांच लोगों में से विवाहिता रितिका के पति सोनू सैनी और सास को गिरफ्तार कर बुधवार को चालान कर दिया है। आरोप है कि यह लोग परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर विवाहिता से दहेज में दस लाख रुपये की नकदी और अपाचे बाइक की मांग पूरी न होने पर मारपीट करते रहे थे। जिससे तंग होकर 23 वर्षीय रितिका ने 12 दिसंबर को अपने घर में बिजली के पंखे में लटकर आत्महत्या कर ली थी। विवाहित के पिता अमीचंद ने उसके पति सोनू सहित छह के खिलाफ दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट कायम कराई थी। कोतवाल माधो सिंह विष्ट का कहना है कि पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने को दबिश दी जा रही है। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों के गिरफ्तार कर उनका चालान करेगी।
04:14 PM, 14-Dec-2022

निकाय चुनाव
– फोटो : सोशल मीडिया
नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर रोक बढ़ी
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच द्वारा प्रदेश के नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर 12 दिसंबर को लगाई गई रोक 20 दिसंबर तक जारी रखने का आदेश दिया है। नगर निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण लागू करने में प्रक्रिया का पालन न करने का आरोप राज्य सरकार पर लगाते हुए, दाखिल जनहित याचिका पर न्यायमूर्ति डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने यह आदेश दिया है। आज हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने जवाबी हलफनामा देने के लिए तीन दिन का समय दिए जाने की मांग की जिसे न्यायालय ने मंजूर कर लिया।
03:47 PM, 14-Dec-2022
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 125 जोड़ी परिणय सूत्र में बंधे

सामूहिक विवाह के दौरान शादी के बंधन में बंधे जोड़े
– फोटो : अमर उजाला
यहां पढ़ें पूरी खबर: Bijnor News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 729 युगल दांपत्य बंधन में बंधे
03:28 PM, 14-Dec-2022
टायरों से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

ट्रक में लगी भीषण आग
– फोटो : अमर उजाला
पूरे शहर में धुए का गुब्बार फैल जाने से लोगों को घंटो सांस लेने में भी भारी परेशानी उठानी पड़ी। टायरों से भरा ट्रक महाराष्ट्र से आया था। जो टायर जलाने वाली फैक्ट्री में जा रहा था। ट्रक चालक ने अगला हिस्सा खोलकर जलते ट्रक को अलग किया जिससे उसकी जान बच सके
02:18 PM, 14-Dec-2022
मेरठ में ई-रिक्शा, ऑटो पर शिकंजा कसेगा प्रशासन, जल्द हो सकता है बड़ा फैसला

jam in meerut, Meerut traffic
– फोटो : Amar Ujala Meerut
मेरठ में सिटी बसों के घाटे को कम करने के लिए मंगलवार को कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे. ने योजना तैयार की। उन्होंने मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लि. के निदेशक मंडल की 24वीं बैठक में कहा कि ट्रायल के तौर पर किसी एक रोड के ई-रिक्शा और ऑटो बंद किए जाएं। वहां पर केवल सिटी बसें चलाई जाएं। उसी के आधार पर आगे की रणनीति बनाई जाए। ई-बसों का चार्जिंग स्टेशन मवाना व सरधना में बनाया जाए। लोहिया नगर चार्जिंग स्टेशन से बस को 24 किमी. अतिरिक्त चलना होता है, जो घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
यहां पढ़ें पूरी खबर: Meerut News: सिटी बसों की बढ़ेगी आय, बंद होंगे ई-रिक्शा, ऑटो
02:14 PM, 14-Dec-2022
आज आएगी एलएलएम की प्रथम मेरिट,
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में एलएलएम में प्रवेश के लिए पहली वरीयता सूची (मेरिट लिस्ट) आज शाम तक जारी होगी। इसके आधार पर छात्र-छात्राएं बुधवार से 16 दिसंबर तक (दो कार्य दिवस) में प्रवेश ले सकते हैं। 15 दिसंबर को दीक्षांत समारोह होने के कारण अवकाश रहेगा। कॉलेज विश्वविद्यालय के पोर्टल पर 16 दिसंबर तक सभी प्रवेश को कन्फर्म कर दें।
कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए सभी अभ्यर्थी अपनी लॉगइन आईडी से लॉगइन करके अपना पंजीकरण फॉर्म एवं ऑफरलेटर डाउनलोड करेंगे। पंजीकरण फॉर्म एवं ऑफर लेटर के साथ अपने शैक्षिक प्रमाण, आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्र, मूल निवास, आधार आदि समस्त प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित छाया प्रति लगाते हुए मूल प्रमाण पत्रों के साथ कॉलेज में संपर्क करेंगे।
प्रथम वरीयता पर अंकित कॉलेज आवंटित होने पर यदि अभ्यर्थी प्रवेश नहीं लेता है तो ऐसे अभ्यर्थी का अन्य किसी वरीयता सूची (मेरिट लिस्ट) में नाम शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बाद ऐसे अभ्यर्थी अंतिम अवसर के दौरान ओपन मेरिट के आधार पर ही प्रवेश के लिए प्रयास कर सकते हैं।
12:44 PM, 14-Dec-2022
बंद कमरे में मिला 45 वर्षीय कर्मी का शव, जांच में जुटी पुलिस
फरीद अहमद सोफीपुर स्थित एक सॉफ्टड्रिंक कंपनी के गोदाम में कार्य करता था। वह, मोदीपुरम में एक मकान में किराए पर रहता था। बुधवार को पुलिस ने फरीद अहमद का बंद मकान से शव बरामद किया।
दरअसल, मृतक की पत्नी ने फरीद को फोन किया तो फोन नहीं उठा। कई बार फोन मिलाने के बाद भी फोन न उठने पर महिला ने फरीद के साथी अमित को कॉल की। अमित घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था।
खिड़की से देखा तो फरीद अपने बिस्तर पर पड़ा हुआ था। अनहोनी का शक होने पर अमित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किसी तरह कुंडी तोड़ी। फरीद पुलिस को मृत मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए।
11:49 AM, 14-Dec-2022
मुर्दे की चारपाई हुई चोरी, पुलिस की बढ़ी मुश्किल
दो दिसंबर को किसी अज्ञात चोर ने चारपाई को चोरी कर लिया था। जिसकी शिकायत छपरौली थाने पर भी की गई थी। लेकिन घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित आज मंगलवार को फिर से थाना छपरौली पर पहुंचा और कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि सात दिसंबर को तहरीर दी गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से वह काफी परेशान है। उनका कहना है कि जब तक चारपाई नहीं मिलेगी, उसकी बेटी की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी। पीड़ित ने पुलिस से अनुरोध किया है कि उसकी चारपाई खोजी जाए। छपरौली थाना अध्यक्ष नितिन पांडेय ने बताया कि पुलिस छानबीन में लगी हुई है।
[ad_2]
Source link