[ad_1]

यूपी पुलिस कांस्टेबल के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शनिवार व रविवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में 2,385 केंद्रों पर होगी. परीक्षा दोनों दिन सुबह 10.00 से 12.00 बजे व दोपहर 3.00 से 5.00 बजे के बीच दो पालियों में होगी. इसमें 48,17,441 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इनमें से 15,48,969 महिलाएं हैं. पहली पाली की परीक्षा के लिए एंट्री शुरू हो गई है. प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 113 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. जिसमें कुल 2,74,944 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध के साथ एसटीएफ समेत खुफिया एजेंसियों को नकल माफिया व सॉल्वर गैंग को पकड़ने के लिए सक्रिय रखा गया है. सुरक्षा के लिहाज से रेलवे स्टेशन व बस स्टैण्ड पर 5 कंपनी पीएसी और 5 कंपनी पैरा मिलिट्री लगाई गई है. बड़ी संख्या में अलग-अलग राज्यों एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आ रहे अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए ईको गार्डन थानाक्षेत्र आलमबाग को चिन्हित किया गया है. रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में अभ्यर्थियों की भीड़ आने पर रविवार की दोपहर 2.00 बजे के बाद से स्टेशन के बाहर पार्किंग एरिया में चार पहिया वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की अध्यक्ष डीजी रेणुका मिश्रा ने बताया कि हर केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट व पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. अभ्यर्थियों के बॉयोमीट्रिक वेरिफिकेशन के बाद भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. जिला स्तर पर डीएम पर्यवेक्षक (मजिस्ट्रेट) के रूप में कार्य करेंगे. अपर जिलाधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी (प्रशासन) के रूप में नियुक्त किया गया है. तीन परीक्षा केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की भी तैनाती हुई है. उड़न दस्ते भी मुस्तैद रहेंगे.
[ad_2]
Source link