[ad_1]

मुरादाबाद में अलावा सेंकते लोग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुरादाबाद मंडल में हल्का कोहरा छाने लगा है। इसके साथ ही ठंड भी लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक इस सीजन का सबसे ठंडा दिन बुधवार रहा। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में ठंड अधिक बढ़ जाएगी।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पश्चिम की ठंडी हवाओं से मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में लोग ठंड से बेहाल हो रहे हैं। शाम होते ही पारा लुढ़कने से गलन और बढ़ रही है। बुधवार को सुबह धूप खिली थी, लेकिन दिन में बादलों की आवाजाही होने से ठंड बढ़ गई। शाम होते-होते लोग गलन से परेशान थे।
दोपहिया वाहन चालाकों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह वातावरण में नमी 90 फीसदी थी, जो शाम को 65 फीसदी रही।
हवा की गति पश्चिम से पूरब दिशा में दस से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन-तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि अगले तीन दिन तक धूप खिलने के आसार हैं।
इस दौरान हल्का से मध्यम कोहरा छाएगा। बारिश की संभावना नहीं है। कभी-कभी बादलों की आवाजाही रहेगी। शीतलहर चलने से ठंड बढ़ेगी। पहाड़ से बर्फबारी शुरू हो गई है। इसके अलावा ज्यादातर समय पछुआ हवा आ रही है। इन दोनों की वजह से ठंड बढ़ रही है।
[ad_2]
Source link