[ad_1]

हसनपुर में हादसे के बाद गमगीन परिजन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सबदलपुर में चल रहे विद्युतीकरण कार्य के दौरान बिजली के पोल को खड़ा करते समय दो मजदूर हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने बिजली ठेकेदार एवं विभाग अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव तसिया मिलक निवासी सुरेंद्र (30) पुत्र विजय सिंह और पंकज पुत्र जगदीश सिंह दोनों मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सबदलपुर सुमाली में विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। बिजली ठेकेदार रविंदर दोनों मजदूरों को बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे घर से बुलाकर काम पर लाया था। इस दौरान मजदूर विद्युत पोल खड़ा कर जा रहे थे। ऊपर से हाई टेंशन लाइन भी गुजर रही है।
तभी अचानक विद्युत पोल हाईटेंशन लाइन के तारों से टकरा गए। जिससे पोल में करंट उतर आया और दोनों मजदूर करंट की चपेट में आकर झुलस गए। मौके पर ही मजदूर सुरेंद्र की मौत हो गई जबकि पंकज बुरी तरह से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
झुलसे युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया। आरोपी ठेकेदार और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार का कहना है कि करंट से एक मजदूर की मौत हुई है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
[ad_2]
Source link