[ad_1]

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
छावला इलाके में एक युवक की खेत में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जब पुलिस ने युवक की मौत के कारणों की जांच के लिए आस पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो पुलिस भी चौंक गई। दरअसल युवक जब खेत के पास आराम कर रहा था। तभी एक कार ने उसे कुचल दिया। हादसे का अहसास होने के बाद कार चालक नीचे उतरा। वह घायल युवक को अस्पताल ले जाने के बजाए खेत में फेंककर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार कार चालक की पहचान करने में जुटी है।
मृतक की शिनाख्त गोयला निवासी बहादुर (26) के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे अमनीश ने पुलिस को बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ गोयला गांव में रहता है। वह फल की रेहड़ी लगाता है। उसके चाचा बहादुर राखी से पहले उसकी बुआ को लेकर एटा यूपी से दिल्ली आए थे। उसके बाद वह यहां रहकर रंगाई पुताई का काम करने लगे। लेकिन उनका यहां काम में दिल नहीं लग रहा था। वह वापस एटा जाने की बात कर रहे थे।
27 सितंबर को वह किसी काम से बाहर गया था। देर रात वापस आने पर पता चला कि उसके चाचा घर नहीं आए हैं। उसे लगा कि वह गांव वापस चले गए हैं। 28 सितंबर की सुबह 6.30 बजे आस पास के लोगों ने बताया कि उसके चाचा खेत में मृत पड़े हैं। सूचना मिलते ही अमनीश अपनी मां भगवान देवी और पिता रोहन को लेकर खेत के पास पहुंचा। उसने देखा कि चाचा के कान से खून निकल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल करने के बाद साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारणों की जांच के लिए पुलिस ने आस पास लगे सीसीटीवी को खंगालने में जुट गई।
[ad_2]
Source link