[ad_1]
पहले था प्रति एकड़ 53 लाख रुपये, अब हो जाएगा 2.25 से 5 करोड़ रुपये
2008 के बाद बढ़ाया गया रेट, लंबे समय से हो रही थी मांग
मुख्यमंत्री ने कहा-आपका बेटा आपके हित के लिए हमेशा काम करता रहेगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने कृषि भूमि और यमुना बांध से सटी कृषि भूमि का सर्किल रेट 10 गुना तक बढ़ाने का फैसला किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रस्ताव को मंजूरी दी। कृषि भूमि के सर्किल रेट 2008 के बाद पहली बार बढ़ाए गए हैं। पहले पूरी दिल्ली में कृषि भूमि का सर्किल रेट एक सामान होता था, लेकिन अब जिलावार तय किया गया है। साथ ही इसे हरित क्षेत्र गांव, शहरीकृत गांव और ग्रामीण गांव श्रेणी में बांटा गया है। दक्षिण और नई दिल्ली जिले में कृषि भूमि का सर्किल रेट सबसे अधिक 5 करोड़ रुपये प्रति एकड़ होगा। इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए एलजी के पास भेजा जाएगा।
दिल्ली सचिवालय में बैठक के बाद राजस्व मंत्री आतिशी ने बताया कि सर्किल रेट बढ़ाने के लिए प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, जिसे तत्काल मंजूरी दे दी गई। इसे लेकर अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली के किसानों की ये बहुत समय से मांग थी कि उनकी खेती की जमीन के रेट बढ़ाए जाएं। कुछ वर्ष पहले हमने बढ़ाए भी थे, पर उस वक्त कुछ कारणों से लागू नहीं हो पाए। आज मुझे दिल्ली के अपने सभी किसान भाइयों को बताते हुए खुशी हो रही है कि आपकी यह मांग पूरी हुई। आपका बेटा आपके हित के लिए हमेशा काम करता रहेगा।
नहीं मिलता था उचित दाम
किसानों को प्रति एकड़ 53 लाख रुपये मिलता था, जिस कारण किसान अपनी जमीन बेचने से दूरी बनाते थे। जब किसानों को उनकी जमीन का कम मुआवजा मिलता है तो वे सरकारी प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीन नहीं देना चाहते हैं। ऐसे में कई बार मामला कोर्ट तक जाता है और लंबे समय तक केस चलता है। इस वजह से बहुत से विकास कार्यों को पूरा करने में देरी हो जाती है।
इन जिलों में होगा फायदा
राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि नए सर्किल रेट के मुताबिक नई दिल्ली और दक्षिणी जिले में 5 करोड़ रुपये प्रति एकड़, उत्तर, पश्चिम, उत्तर-पश्चिम व दक्षिण पश्चिम जिले में 3 करोड़ रुपये प्रति एकड़, मध्य और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 2.5 करोड़ रुपये प्रति एकड़ और शाहदरा, उत्तरी-पूर्वी व पूर्वी जिले में 2.25 करोड़ रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया गया है।
दिल्ली सरकार का प्रस्तावित सर्कल रेट (रुपये करोड़ में)
जिला हरित क्षेत्र गांव शहरीकरण गांव ग्रामीण गांव
दक्षिण 5.00 5.00 5.00
उत्तर 3.00 3.00 3.00
पश्चिम 3.00 3.00 3.00
उत्तर-पश्चिम 3.00 3.00 3.00
दक्षिण-पश्चिम 3.00 4.00 3.00
नई दिल्ली 5.00 5.00 5.00
मध्य कोई नहीं 2.50 2.50
दक्षिण-पूर्व कोई नहीं 4.00 2.50
शाहदरा 2.25 2.25 2.25
उत्तर-पूर्व कोई नहीं 2.25 2.25
पूर्वी कोई नहीं 2.25 2.25
[ad_2]
Source link