Delhi News: 500 रुपये के लेनदेन में दोस्त की चाकू मारकर हत्या

[ad_1]

पुलिस ने मुख्य आरोपी और दो नाबालिग साथियों को पकड़ा

आरोपियों ने रंजिश में हत्या की बात कही, पुलिस चाकू तलाश रही

अमर उजाला ब्यूरो

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद में बृहस्पतिवार रात 500 रुपये के लेन-देन में एक युवक की उसके दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी और उसके दो दोस्तों को पकड़ लिया है। दोनों दोस्त नाबालिग हैं।

मृत युवक की शिनाख्त फैजान के रूप में हुई है। वह परिजनों के साथ संगम विहार की गली नंबर पांच में रहता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 10.40 बजे संगम विहार में एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल युवक को परिवार वाले बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर गए हैं, जहां पहुंचने पर पता चला कि फैजान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।

परिवार वालों ने बताया कि फैजान पर उसके दोस्त अब्दुल मशाद ने हमला किया है। पुलिस ने फैजान के भाई फाजिल की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी और देर रात उसे इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में शामिल उसके दो और दोस्तों को भी पकड़ लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फैजान ने उससे पांच सौ रुपये लिए थे, जिसे वह वापस नहीं कर रहा था। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उनकी फैजान से पुरानी रंजिश थी। पुलिस आरोपियों से चाकू की बरामदगी का प्रयास कर रही है, जिसे आरोपियों ने नाले में फेंक दिया था।

सुबह साथ में कचौड़ी खाई, रात में कर दी हत्या

फैजान की मां ने बताया कि अब्दुल मशाद उसके बेटे का दोस्त था। बृहस्पतिवार सुबह दोनों घूम रहे थे। सुबह कचौड़ी भी खाई। दोपहर में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। उन्होंने बताया कि दोपहर में अब्दुल मशाद दो दोस्तों के साथ घर आया था। वह नशे में था। उसने फैजान के बारे में पूछा और उसकी हत्या की धमकी दी। फैजान के पिता रईस अहमद ने बताया कि अब्दुल ने बताया था कि फैजान ने उससे पांच सौ रुपये लिए हैं लेकिन फैजान ने पैसे लेने से इन्कार कर दिया था। उन्होंने बताया कि रात में घर के बाहर फैजान के आने का इंतजार कर रहा था। उसके आते ही आरोपी ने घर के नीचे ही उसके सीने में चाकू घोंप दिया। फैजान ऊपर की ओर भागा, लेकिन वह तीसरी मंजिल पर गिर गया। तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसियों ने मां को फैजान के गिरे होने की जानकारी दी।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *