तीनों तरफ से घेराबंदी में जुटा ड्रैगन

चीन और ताइवान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी की यात्रा के एक दिन बाद गुरुवार को ताइवान सीमा के पास चीन ने युद्धाभ्यास शुरू किया। चीनी सेना के मुताबिक इस दौरान लक्ष्यों पर सटीक हमले किए गए। 100 से अधिक लड़ाकू विमानों ने ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी वायुक्षेत्र में उड़ान भरी।ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि चीनी सेना ने देश के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिमी तट के पास 11 डोंगफेंग बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इनमें से पांच जापान की सीमा में गिरीं। ताइवान का कहना है कि अपनी सीमाओं की रक्षा से पीछे नहीं हटेगा।चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कहा कि ताइवान और संबंधित क्षेत्रों पर नजर रखने वाली पीएलए की पूर्वी थिएटर कमान ने लगभग एक बजे यह संयुक्त युद्धाभ्यास शुरू किया, जो रविवार तक चलेगा। यह युद्धाभ्यास नाकेबंदी, समुद्री तथा जमीनी लक्ष्यों पर हमले और वायुक्षेत्र के नियंत्रण पर केंद्रित है। इसी के मद्देनजर ताइवान के पूर्वी हिस्सों में निर्धारित स्थानों पर बमबारी भी की गई।

चाइना टाइम्स के मुताबिक, मिसाइल दागे जाने के बाद ताइवान ने कम से कम 40 उड़ानें रद्द कर दीं । हालांकि, राजधानी ताइपे के ताओयुयान हवाई अड्डे के हवाले से कहा गया कि यह जरूरी नहीं है कि उड़ानों को रद्द करने का संबंध सैन्य अभ्यास से है। इस बीच, मालवाहक जहाजों के परिवहन पर संभावित प्रभाव का संकेत नहीं मिला है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को झटका लग सकता है। उधर, चीन ने भी विमानों को सैन्य अभ्यास के दौरान सेवाएं संचालित करने से बचने का आदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *