[ad_1]

शहरी फीडर से लाइन जोड़ने की प्लानिंग करते हुए बिजली कर्मचारी
– फोटो : संवाद
विस्तार
हाथरस में मुरसान कस्बा के 500 उपभोक्ताओं का शहर के हिसाब से बिजली आपूर्ति मिलने का इंतजार चार साल बाद खत्म हो जाएगा। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए बिजली अधिकारियों ने कस्बा के इन इलाकों को नगरीय फीडर से जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है।

बता दें कि अब तक गांव दयालपुर से लेकर सादाबाद मार्ग, ब्लॉक मार्ग, किला व मढ़ैया के लोगों को गांव पटाखास के फीडर से बिजली दी जा रही थी, लेकिन अब बिजली विभाग ने रेलवे से अनुमति लेने के बाद 19 जनवरी को मशीन से रेलवे लाइन के नीचे होकर विद्युत केबल डालने का काम शुरू करा दिया है। केबल का काम पूरा होने के बाद इन इलाकों के करीब 500 उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी।
नगर में रहने के बावजूद पिछले करीब चार साल से हमारे मोहल्लों को देहात के गांव पटाखास फीडर से बिजली दी जा रही थी, लेकिन अब बिजली विभाग द्वारा रेलवे लाइन के नीचे होकर विद्युत केबल डालकर बिजली देने का काम किया जाएगा, जिससे कटौती कम रहेगी।-संजय चौहान, उपभोक्ता
करीब चार साल से हम लोग नगरीय फीडर से बिजली देने की मांग उठा रहे थे। अब बिजली विभाग ने शुक्रवार को अनुमति लेने के बाद रेलवे लाइन के नीचे होकर विद्युत केबल डालने का काम शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि अब शहर के हिसाब से बिजली मिल सकेगी।-नवीन उपाध्याय, उपभोक्ता
देहात के फीडर पर दिन और रात में 10-10 घंटे तक बिजली कटौती की जाती है, लेकिन अब विभाग गांव दयालपुर से लेकर किला मढ़ैया तक की बिजली लाइन को कस्बा से जोड़ने का काम करा रहा है।-अजीत ठाकुर, उपभोक्ता
बिजली विभाग द्वारा देहात की बिजली देने के बाद भी शहरी क्षेत्र का बिल वसूला जा रहा है, लेकिन अब हमारी लाइन को देहात से हटाकर कस्बा से जोड़ने का काम विद्युत विभाग के द्वारा किया जा रहा है। अब हमें शहरी क्षेत्र की बिजली मिलेगी।-राहुल शर्मा, उपभोक्ता
[ad_2]
Source link