[ad_1]

शिमला विंटर कार्निवल की तैयारियों पर समीक्षा बैठक।
– फोटो : संवाद
विस्तार
शिमला विंटर कार्निवल की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्निवल के आयोजन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त आदित्य नेगी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने कहा कि शिमला विंटर कार्निवल में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। शिमला विंटर कार्निवल में भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से 25 दिसंबर को विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दलों की कल्चरल परेड करवाई जाएगी। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं की महानाटी आयोजित करवाई जाएगी। इसमें सैकड़ों महिलाएं एक साथ नाटी करेंगी। कार्निवाल के प्रत्येक दिन विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे।
एनजेडसीसी से भी कलाकार अपनी प्रस्तुति कार्निवाल के दौरान देंगे। नगर निगम शिमला की ओर से कार्निवाल में प्रत्येक दिन बैटल ऑफ बैंड्स और सेना, पुलिस एवं होमगार्ड के बैंड की प्रस्तुति देखने को मिलेगी। उपायुक्त ने पर्यटकों और आम जनता की सुविधा के लिए पुलिस विभाग को कार्निवल के दौरान कानून व्यवस्था को ध्यान रखने तथा यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग को भी इस दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बैठक में एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, एमसी आयुक्त भूपेंद्र अत्री, भाषा एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त निदेशक मंजीत सिंह, एसडीएम शहरी भानु गुप्ता, सहायक आयुक्त डॉ. पूनम बंसल, एमसी संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा, डीपीओ ममता पॉल, डीटीओ संजय भगवती और डीएलओ अनिल हारटा मौजूद रहे।
गेयटी में सूफी, कव्वाली की सजेगी महफिल
कार्निवल में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, ग्रामीण आजीविका मिशन, व्यापार मंडल एवं अन्य कारोबारियों की तरफ से स्टॉल लगाए जाएंगे। यह स्टॉल दौलत सिंह पार्क से लेकर गेयटी थिएटर तक, रानी झांसी पार्क और रोटरी क्लब के समीप स्थापित किए जाएंगे। कार्निवल के दौरान रानी झांसी पार्क में बच्चों के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा गेयटी थिएटर में सूफी गायन, कव्वाली, थिएटर फेस्टिवल के आयोजन होंगे।
[ad_2]
Source link