[ad_1]

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र के गांव बिलंदापुर के किसान बलजीत सिंह को प्रतिबंधित संगठन के नाम से व्हाट्सएप पर कॉल कर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई। बलजीत ने पुलिस को तहरीर देकर परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलजीत ने बताया कि सोमवार दोपहर 3:40 बजे उनके मोबाइल नंबर पर इंग्लैड के नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉलर ने उनके पुत्र अविदीप से बात कराने के लिए कहा। उन्होंने कॉल करने वाले से नाम और पता पूछा तो पुलिस लाइन से कॉल करने की बात कही गई।
बलजीत के शक जताने पर कॉल करने वाले ने कहा कि वह बब्बर खालसा संगठन से बात कर रहा है। 24 घंटे के अंदर बलजीत की परिवार सहित हत्या कर दी जाएगी। यह भी कहा कि बाबा तरसेम सिंह के बाद तुम्हारा ही नंबर है। घर में जितनी भी पुलिस लगानी हो, लगा सकते हो।
इसके बाद बलजीत सिंह तुरंत थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि धमकी से वह और उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और कॉल करने वाले की जांच कराने की मांग की है। इसके बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी।
[ad_2]
Source link